देहरादून: विभिन्न कंपनियों में निवेश कर तीन से पांच प्रतिशत ब्याज देने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपितों को उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता विकासनगर निवासी प्रवीण सिंह अशोक मल्ल और 11 अन्य व्यक्तियों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ व्यक्ति उनसे मिले। जिन्होंने खुद को आठ कंपनियों का मालिक बताया और कंपनियों में विभिन्न स्कीमों के तहत धनराशि लगाकर मोटा ब्याज देने का लालच दिया था। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जांच के बाद एक टीम को हैदराबाद आंध्र प्रदेश रवाना किया गया, जहां से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर उत्तराखंड लाया गया। पूछताछ में पता लगा कि आरोपित ने पीड़ितों से पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। आरोपितों की पहचान मोहाली चंडीगढ़ निवासी सताक्षी, शुभम और कैलाश के रूप में हुई है।
रुड़की: गोवंश संरक्षण स्क्वायड ने एक लोडर से करीब दो क्विंटल गोमांस बरामद किया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार है।
बुधवार सुबह गोवंश संरक्षण स्क्वायड को सूचना मिली थी कि सोहलपुर गाडा गांव की तरफ से रामपुर गांव में एक लोडर से गोमांस लाया जा रहा है। सूचना पर स्क्वायड के उप निरीक्षक आशीष कुमार की टीम ने रामपुर गांव के पास घेराबंदी कर दी। इस दौरान स्थानीय पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। टीम ने घेराबंदी करते हुए रामपुर गांव के पास लोडर रोक लिया। इसी दौरान दो आरोपित वहां से भाग निकले। पुलिस ने मौके से आकिल निवासी रामपुर को गिरफ्तार किया है। लोडर से पुलिस ने दो क्विंटल गोमांस बरामद कर लिया। पुलिस लोडर को कोतवाली गंगनहर ले आई। लोडर सीज कर दिया गया है। गंगनहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि पुलिस ने गोवंश संरक्षण स्क्वायड की टीम के उप निरीक्षक आशीष कुमार की तहरीर पर आकिल निवासी रामपुर और दो अन्य पर मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।

