रुड़की। Haridwar Crime News कोतवाली पुलिस ने एक फल की ठेली पर रखी चार लाख की रकम चोरी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर 3.70 लाख की रकम बरामद की है। पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के शक्ति मोहल्ला निवासी बाबर 18 फरवरी को किसी काम के लिए चार लाख की रकम एक बैग में लेकर घर से निकला था। इसी बीच बंदा रोड पर फल की ठेली लगाने वाले कल्लू के पास वह खड़ा हो गया। बाबर ने चार लाख की रकम वाला बैग कल्लू की ठेली पर रख दिया था। इसी दौरान किसी ने बैग चोरी कर लिया। बैग को काफी तलाश किया गया था, लेकिन पता नहीं चल पाया था।इसके बाद कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें सरफराज निवासी इस्लमानगर, सपना टाकिज चिह्नित हुआ। जिसके बाद कोतवाली के उप निरीक्षक संजय नेगी ने शनिवार को रामपुर रोड से सरफराज निवासी इस्लामनगर, रुड़की को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की तो उसने नकदी चोरी करने की बात कबूली। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर 3.70 लाख की रकम बरामद की है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
सिविल अस्पताल रुड़की के शौचालयों से टोंटी चोरी हो रही हैं। एक सप्ताह के भीतर स्टील की करीब 22 टोंटियां चोरी हो चुकी हैं। इन चोरियों से अस्पताल प्रबंधन परेशान है। वहीं वार्ड में भर्ती मरीजों को भी काफी दिक्कतें आ रही हैं। इससे पहले अस्पताल में आइसीयू वार्ड की एसी यूनिट व सोलर लाइट की बैटरियां चोरी हो चुकी हैं। सिविल अस्पताल रुड़की प्रबंधन ने वार्ड के शौचालयों का जीर्णोंद्धार कराया है। शौचालयों में नई टोंटियां लगाई थी। लेकिन, किसी ने अस्पताल के पांच शौचालयों से सभी नई टोंटियां चोरी कर ली हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने दोबारा टोंटियां लगवाई, लेकिन फिर से उनको चोरी कर लिया गया है। जिससे शौचालय में पानी बह रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने अब प्लास्टिक की टोंटियां लगाई हैं। लेकिन वह भी चोरी होने लगी हैं। सिविल अस्पताल रुड़की के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. संजय कंसल ने बताया कि शौचालय से टोंटी चोरी होने से वह परेशान हैं। इससे काफी दिक्कतें हो रही हैं। सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोर को चिह्नित करने का प्रयास भी किया गया। लेकिन, चोर चिह्नित नहीं हो पाया है। पुलिस को भी इस संबंध में तहरीर दी गई है।

