रेस्‍टोरेंट में कुल्हड़ धोकर फिर उसी में पिला रहे थे लस्सी, खाद्य सुरक्षा विभाग ने मारा छापा, जवाब किया तलब

Uttarakhand

देहरादून: मिट्टी से बने कुल्हड़ में लोग हाइजेनिक मानकर चाय, काफी, लस्सी, शेक आदि पीते हैं। पर दून में एक रेस्टोरेंट में इस्तेमाल किए गए कुल्हड़ फेंकने के बजाए धोकर दोबारा ग्राहक को थाम दिए जाते थे। शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान में छापेमारी की। विभागीय टीम ने रेस्टोरेंट संचालक का चालान किया है। साथ ही सात दिन के भीतर जवाब तलब किया है। जवाब से संतुष्ट ना होने पर विभाग रेस्टोरेंट का लाइसेंस निरस्त कर सकता है।

दरअसल, खाद्य सुरक्षा विभाग को यह शिकायत मिल रही थी कि पलटन बाजार स्थित 31 फ्लेवर्स में ग्राहकों को इस्तेमाल किए गए कुल्हड़ धोकर इसमें लस्सी परोसी जा रही है। जिस पर टीम ने उपायुक्त राजेंद्र रावत व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह की अगुआई में रेस्टोरेंट में छापेमारी की। जांच करने पर टीम को यहां धुले हुए कुल्हड़ मिले। जिस पर मौके पर ही रेस्टोरेंट संचालक का चालान किया गया। उसका लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने बताया कि खाद्य कारोबारी को स्वच्छता का पूरा ख्याल रखना चाहिए। हाइजीन को लेकर विभाग गंभीर है। कोरोनाकाल में स्वच्छता में कमी के और भी गंभीर परिणाम हो सकते हैं। किसी उपभोक्ता को कहीं भी ऐसी कोई कमी दिखती है, तो वह विभाग से इसकी शिकायत कर सकता है।

बुद्धा चौक के पास पंत रोड व अन्य इलाकों में कई घरों में दूषित पानी की समस्या बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बीते दो माह से उन्हें इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि, कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

पंत रोड निवासी स्पर्श कुमार का कहना है कि चंद माह पूर्व क्षेत्र में बिजली और सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया गया। इस दौरान हुई खोदाई में कई स्थानों पर पेयजल लाइन को भी क्षति पहुंची। हालांकि, सड़क बनाने से पहले लाइन दुरुस्त कर ली गई थी। लेकिन, उसके बाद कुछ स्थानों पर लाइन दोबारा टूट गई। ऐसे में सीवर का पानी घरों तक पहुंच रहा है। आरोप है कि दिलाराम स्थित वाटर वक्र्स कार्यालय में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या से निजात नहीं मिली।

उधर, लैंसडौन चौक के पास सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी सड़क पर बहता रहा। जिससे वाहन सवारों के साथ ही पैदल राहगीरों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां खस्ताहाल सड़क और कीचड़ से राहगीर परेशान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *